मिस इंडिया यूनिवर्स एवं फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला ने मिस यूनिवर्स में हार के बावजूद कहा कि उन्हें कोई अफसोस नहीं है। किसी भी प्रतियोगिता में हार-जीत आम बात है। उन्होंने कहा कि
उनका सपना था मिस यूनिवर्स के मंच पर आना, जो पूरा हुआ। वे पूरे देश, खासतौर से अपने प्रदेश के लोगों को तहेदिल से शुक्रिया कहना चाहती हैं कि जिन्होंने उसे इस मंच तक पहुंचाया। हालांकि, उर्वशी ने आयोजकों पर पक्षपात का आरोप भी लगाया। 'दैनिक जागरण' से बातचीत में उर्वशी ने कहा कि प्रीलिमनरी राउंड्स (स्विम वियर, गाउन राउंड व साक्षात्कार) में पहले नंबर पर रहने के बावजूद उन्हें टॉप-15 में क्यों शामिल नहीं किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोजकों ने आगामी मिस यूनिवर्स का आयोजन फिलिपींस में होने के चलते मिस फिलिपींस को खिताब से नवाजा। उन्होंने कहा कि मिस फिलिपींस को जिताने के लिए वहां एक बड़े राजनयिक का दबाव था। उर्वशी ने कहा कि मिस कोलंबिया को भी पहले से जानकारी थी कि वे दूसरे स्थान पर रहेंगी और उन्हें एक विवाद का हिस्सा बनाकर फेम दिया जाएगा। इस मामले को लेकर उर्वशी का आयोजकों के साथ विवाद भी हुआ।
उर्वशी ने कहा कि आयोजकों के दबाव में ही उन्हें टॉप-15 में नहीं लाया गया, क्योंकि इसके बाद निर्णायकों के हाथ में परिणाम होता। उन्होंने कहा कि पूरी प्रतियोगिता में लगातार बढ़त बनाए रखने के बावजूद उन्हें बाहर किया गया, जो साफतौर पर पक्षपात था। हालांकि, उर्वशी ने कहा कि उनका सपना मिस यूनिवर्स के मंच तक आना था, जो भारत के लोगों के समर्थन के कारण संभव हुआ और इसके लिए उन्होंने पूरे देश को शुक्रिया कहा। उन्होंने कहा कि आमतौर पर सौंदर्य प्रतियोगिताओं के माध्यम से फिल्म इंडस्ट्री में स्थान बनाने का रास्ता तलाशा जाता है और वे पहले ही बॉलीवुड में स्थापित हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के प्यार और समर्थन को वे सलाम करती हैं। इंडिया लौट रही उर्वशी ने कहा कि फरवरी में पुलकित मल्होत्रा और यामी गौतम के साथ उनकी फिल्म 'सनम रे' आ रही है। इसके बाद 'द ग्रेट ग्रैंड मस्टी' आनी है। उन्होंने कहा कि अब वे अपनी फिल्मों पर फोकस करेंगी।
Article source - jagran.com
